इक्कीसवीं सदी की जनसंवेदना एवं हिन्दी साहित्य की पत्रिका
'सोच रही हूँ कुछ माह के लिए बेटी के घर हो आऊँ?'
'कुछ माह के लिए या कुछ दिनों के लिए?'
'कुछ माह को.'
'दीदी के ससुराल वाले क्या समझेंगे? फिर आप भी तो कहती थी कि बेटी के घर बड़ा अजीब लगता है, संकोच के दायरे में रहती हूँ.'
'ठीक कहा पर उसका आधार अतीत था, वर्तमान तो कुछ और ही कहता है. जिसे देखो बेटी के इर्द गिर्द घूमता है. बेटी माँ बाप के साथ या माँ बाप उसके साथ.'
'जिनके लड़के नहीं होते या दूर विदेशों में बस गए हैं वे ही ऐसा करते हैं.'
'कुछ भी हो, माँ-बेटी के सानिध्य से दोस्तों की भी जरुरत नहीं. दूसरे, जितना बेटी माता-पिता का ध्यान रखती है उतना बेटे नहीं. अगर रखते भी हैं तो घर की बागडोर के साथ माँ बाप को भी बहू को सौंप दिया जाता है. अब वे निर्भर रहते हैं बहू के दया रहम पर.'
बेटा एकाएक चौंक पड़ा, सच्चाई उसे मुंह चिढ़ाने लगी.
'हमारे यहाँ तो शादी बहुत साधारण तरीके से होती है, लड़की जो पहन ओढ़ कर ससुराल आती है वही लाती है. शादी तो तुम्हारे बेटे की देखने लायक थी. कपडों से लदी-फदी अटैचियाँ, उपहार के नाम पर कार स्कूटर और कन्यादान की ओट में सोने चाँदी की चमचमाहट. इतना सब होने के बाद नकद नारायण क्यों लिए गए यह नहीं समझ पाया?' किशोर ने कहा.
'हम अपने लिए थोड़े ही लेते हैं. जितना नकद उतना ही जेवर बहू को चढ़ा देते हैं.' श्यामल ने सफाई दी.
'लड़की वालों पर इतना भार!'
'सुखी भी तो उनकी बेटी रहेगी. अपनी लड़की के लिए माँ बाप खुशी से देते हैं.'
'चने के साथ घुन भी पिसने का डर है, फिर तुम्हारे पास क्या कमी है?'
'मेहनत की कमाई है, वह लुटाने के लिए नहीं. एक मुट्ठी खर्च करता हूँ तो दो मुट्ठी झोली में डलवा लेता हूँ.'
'असमंजस में पड़ गया हूँ तुम्हें भिखारी कहूँ या व्यवसाई जो रिश्तों को भी तराजू के पलड़ों पर रखने में दक्ष है.'
© 2009 Sudha Bhargav; Licensee Argalaa Magazine.
This is an Open Access article distributed under the terms of the Creative Commons Attribution License, which permits unrestricted use, distribution, and reproduction in any medium, provided the original work is properly cited.
नाम: सुधा भार्गव
उम्र: 84 वर्ष
जन्म स्थान: अनूपशहर (बुलन्दशहर), उ. प्र.
शिक्षा: बी. ए., बी. टी.
संप्रति: बिरला हाईस्कूल कोलकाता में 22 वर्षों तक हिन्दी भाषा का शैक्षिक कार्य
प्रकाशित रचनायें: विभिन्न साहित्यिक एवं बाल पत्रिकिआओं में रचनाएँ प्रकाशित
कविता संग्रह: रोशनी की तलाश में (2002)
कहानियाँ: बाल कहानियाँ (2006) - 1. अँगूठा चूस, 2. अहंकारी राजा, 3. जितनी चादर उतने पैर पसार
अभिरूचियाँ: पेंटिंग, योग, भ्रमण
यात्राएँ: अमरीका, इंग्लैण्ड सहित यूरोप के कई देश, कनाडा, नेपाल, भूटान सिंगापुर, मलेशिया
संपर्क: जे 703, स्प्रिन्गफ़ील्ड्स, #17/20 अम्बालीपुर विलेज़, सरजापुर रोड, बेंगलुरु, कर्नाटक - 560102